कुंठली गांव के बाहर बेता नाला, जिस पर पुल निर्माण की मिली है स्वीकृति। संवाद
औरास। विकास खंड की ग्राम पंचायत टिकरा सामद के मजरे कुंठली के बाहर बेता नाले पर बिजली के खंभे के जुगाड़ू पुल बनाकर आवागमन करने वाले ग्रामीणों को जल्द राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के नाले पर 54 मीटर पक्के पुल के 5.63 करोड़ के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। पहली किस्त के रूप में 2.22 करोड़ जारी किए हैं। कुंठली गांव के बाहर से निकला बेता नाला लखनऊ की गोमती नदी में मिलता है। इस पर गांव के बाहर पुल नहीं बना है। ग्रामीण नाले पर बिजली के खंभे डालकर जुगाड़ू पुल बनाकर आवागमन कर रहे थे। बारिश से नाला उफनाया है। इससे जुगाड़ू पुल डूब गया है। लोग आठ किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर आवागमन कर रहे हैं। जुगाड़ू पुल का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था और लगातार खबरें प्रकाशित की थीं। लोक निर्माण विभाग ने पक्के पुल निर्माण को प्रस्ताव भेजा था।
लंबे समय बाद इसे मंजूरी मिली है। इसके लिए 5.63 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है। इस बजट से 54 मीटर लंबा व सात मीटर चौड़ा पुल बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी एक्सईएन हरदयाल अहिरवार ने बताया कि बजट स्वीकृत हो गया है। पहली किस्त भी जारी हो गई है। जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करा काम शुरू कराया जाएगा।