फोटो-30- वाटर पार्क पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का स्वागत करते आयोजक। स्रोत: पाठक
- फोटो : samvad
नवाबगंज। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मंगलवार को सिंधीखेड़ा पारा स्थित राजकीय बालगृह पहुंचीं। अपनी देखरेख में यहां की 145 बालिकाओं को सोहरामऊ के वाटर पार्क ले गईं। उन्होंने बालिकाओं को पूरा पार्क घुमाया और उनसे विचार साझा किए।
राज्यपाल ने बालिकाओं से उनके अनुभवों की जानकारी ली। बताया कि प्रत्येक रविवार को 40 बालिकाओं को राजभवन बुलाया जाता है। वहां उन्हें विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण दिए जाते हैं। बालिकाओं को खानपान का सामान बनाने की शिक्षा दी जाती है। इसके साथ ही जूडो, संगीत और अन्य विषयों में भी प्रशिक्षित किया जाता है। इसका उद्देश्य उन्हें स्वावलंबी बनाना है। राजभवन में उन्हें घर जैसा माहौल मिलता है। यह उन्हें हीनभावना से ग्रसित होने से बचाता है।
राज्यपाल के साथ आए कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी अपने अनुभव बालिकाओं के साथ साझा किए। राज्यपाल ने जिलाधिकारी घनश्याम मीणा को अपनी स्वलिखित पुस्तक भेंट की। अन्य अधिकारियों को भी यह पुस्तक प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी प्रज्ञा पांडेय और तहसीलदार अविनाश कुमार भी माैजूद रहे।