बेहटामुजावर। शौच के लिए निकले टाइल्स कारीगर व प्रशासक के चचेरे भतीजे का शव दूसरे दिन शारदा नहर में उतारते मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पहचान की।
बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के शादीपुर के मजरा अलौलाखेड़ा निवासी पंकज (28)दिल्ली में रहकर टाइल्स लगाने का काम करता था। 20 दिन पूर्व गांव आया था। बुधवार शाम सात बजे शौच की बात कहकर गांव के सामने शारदा नहर पर गया था। देर रात तक नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की लेकिन पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार दोपहर गांव से तीन किलोमीटर दूर शारदा नहर में शव जानवर चरा रहे लोगों ने देखा तो सूचना दी। बेटे का शव देख मां रामरानी बेहाल हो गई। भाई मोनू, बहन रंजना से पंकज बड़ा था।
थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी। दूसरे दिन दोपहर बाद तहरीर मिलने पर गुमशुदगी दर्ज की थी। बाद में नहर में शव मिलने की सूचना मिली तो पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।। मृतक पंकज ग्राम पंचायत प्रशासक (निवर्तमान प्रधान) कमलेश का चचेरा भतीजा था।