उन्नाव। लंबे समय से उम्मीद लगाए बैठे किसानों के खातों में कल सम्मान निधि पहुंचेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल से किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करेंगे।
केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में दो हेक्टेयर (आठ बीघे) से कम वाले किसानों को सालाना छह हजार रुपये दिए जाते हैं। सरकार हर फसली सीजन की शुरुआत होते ही दो हजार रुपये की किस्त किसानों के खातों में भेजती है। इधर, खरीफ सीजन शुरू होने जा रहा है। इस कारण किसानों को खेती, किसानी में राहत देने के लिए सरकार 20 जून को सम्मान निधि भेजने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन माध्यम से किसानों के खातों में पैसा ट्रांसफर करेंगे। कृषि विभाग ने ज्यादा से ज्यादा किसानों को इसका लाभ मिल सके इसके लिए कुछ दिन पहले कर्मचारियों को लगाकर खाते की ऑनलाइन फीडिंग करा दी है। कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, 4.52 लाख किसानों का डाटा फीड करने का काम किया गया है। जैसे ही प्रधानमंत्री ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर करने के लिए बटन क्लिक करेंगे वैसे ही किसानों के मोबाइल में पैसा पहुंचने का मैसेज आने लगेगा। जिला कृषि अधिकारी शशांक कुमार ने बताया कि शनिवार को किस्त जारी होने की जानकारी मिली है।