फोटो-16-मुख्यमंत्री के सभा स्थल पर तैयारियों को लेकर एसपी जयप्रकाश सिंह से बात करते डीएम घनश्या
उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को जनपद के दौरे पर आएंगे। इस दौरान सदर तहसील की ग्राम पंचायत डीह के हिंदूखेड़ा भवानीखेड़ा से जनपदवासियों को 5.77 करोड़ की 104 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 19 परियोजनाओं का लोकार्पण व 85 विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए बुधवार को जिला प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे मुख्यमंत्री हिंदूखेड़ा भवानीखेड़ा स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। यहां पर हेलीपैड बनाया गया है। साथ ही उसके नजदीक ही बने जनसभा स्थल जाएंगे। यहां से लोगों को संबोधित करने के साथ ही विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से पांच अरब 77 करोड़ की 104 परियोजनाओं की सूची तैयार कराई गई है। इसमें लोकार्पण परियोजनाओं की संख्या 19 है और लागत तीन अरब 78 करोड़ है। इनमें सदर की 12 और भगवंतनगर विधानसभा की सात परियोजनाएं शामिल हैं। इसी प्रकार एक अरब 98 करोड़ लागत की 85 परियोजनाओं का शिलान्यास भी होगा। इसमें 33 सदर और 52 भगवंतनगर विधानसभा की परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक कार्यक्रम स्थल पर रुकेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 11:35 बजे कानपुर रवाना हो जाएंगे। डीएम घनश्याम मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।