फोटो-35-सद्भावना मंडप का लोकार्पण करते राज्यमंत्री दानिश अंसारी। स्रोत: कार्यकर्ता।
उन्नाव। गदनखेड़ा सिंगरोसी रोड पर करीब दो करोड़ की लागत से बने सद्भावना मंडप का लोकार्पण राज्यमंत्री दानिश अंसारी ने किया। उन्होंने कहा कि सद्भावना मंडप सभी वर्गों के लिए सविधाजनक रहेगा। कमजोर परिवार विशेषकर गरीब बेटियों के विवाह व सामाजिक आयोजनों के लिए अच्छी सुविधा है।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्यमंत्री ने कहा कि यह सद्भावना मंडप सभी वर्गों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जब विपक्ष चुनाव हारता है तो ईवीएम पर सवाल उठाता है लेकिन जब चुनाव जीतता है तो यह मुद्दा नहीं उठाता। समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश में कानून व्यवस्था और एनकाउंटर को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है और प्रदेश की जनता इससे खुश है। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि सद्भावना मंडप जरूरत थी। उनके प्रयासों एवं प्रस्ताव पर राज्य सरकार द्वारा इस परियोजना को स्वीकृति मिली और आज यह बनकर तैयार हो गया।