बीघापुर। तहसील प्रशासन ने बरदहा के मजरे बैजनाथखेड़ा, नमाखेड़ा तथा जमीपुर में बंजर जमीन पर बने निर्माण को जेसीबी की मदद से गिरवा दिया। इससे कब्जाधारक सकते में आ गए।
बैजनाथखेड़ा मजरे बरदहा में ग्राम पंचायत की बंजर जमीन पर सुनील कुमार लोधी व रामचंद्र ने मकान बना लिए गए थे। जांच में निर्माण अवैध मिला था। शनिवार को प्रशासन ने दोनों अवैध निर्माण को ढहाकर ग्राम समाज की भूमि को मुक्त कराया। नमाखेड़ा निवासी जयप्रकाश सिंह द्वारा गाटा संख्या 41 बंजर भूमि पर भी निर्माण किया गया था, जिसको राजस्व टीम ने गिरवा दिया। जमीपुर निवासी राहुल सिंह ने भी बंजर भूमि पर भी मकान निर्माण करा लिया था। तहसील प्रशासन ने आधा मकान गिरा दिया, शेष मकान राहुल सिंह ने तीन दिन में गिरवा लेने की बात कही। नायब तहसीलदार विजय रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि बंजर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को गिरवा दिया गया है। तहसील टीम में राजस्व निरीक्षक अजय सिंह, दिनेश कुमार, लेखपाल अनुराग श्रीवास्तव, सुलभ शुक्ला, विशाल और आयुष पटेल शामिल रहे।