सफीपुर। बाहर से दवा व जांच लिखने की शिकायत पर सीएमओ ने जांच के आदेश देते हुए मियागंज के डॉक्टर को औरास स्थानांतरित कर दिया।
विकासखंड के गांव जारुल्ला नगर निवासी स्वदेश कुमार ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक कटियार को शिकायतीपत्र देकर बताया था कि 24 अप्रैल की सुबह चार साल की भतीजी को बुखार दस्त और उल्टियां होने पर अस्पताल लेकर गया था। वहां डॉक्टर दिनेश मौके पर नहीं मिले थे लेकिन फोन पर अधीनस्थ को इलाज बताया था जिससे बच्ची को कोई फायदा नहीं हुआ था।
जब सुबह अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने प्राइवेट पैथोलॉजी से जांच व बाहर से महंगी दवाएं लिखीं। फिर भी आराम नहीं मिला तो अस्पताल के ही दूसरे डॉक्टर को दिखाया। इसके बाद सीएचसी की दवा से ही फायदा हुआ। डॉ. अभिषेक कटियार ने डॉ. दिनेश कुमार से स्पष्टीकरण लेकर रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी। सीएमओ सत्यप्रकाश ने बताया कि डॉ. दिनेश का स्थानांतरण औरास कर दिया गया है। शिकायत की विस्तृत जांच कराई जा रही है। आरोपों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।