उन्नाव। जिले में गेहूं खरीद किसानों के सत्यापन के फेर में फंसी है। अभी भी 4340 किसानों का सत्यापन लंबित है। इसी कारण खरीद की रफ्तार नहीं बढ़ रही है। अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 19.19 फीसदी ही खरीद हो सकी है। सत्यापन न होने से किसान गेहूं नहीं बेच पा रहे हैं।
जिले में 30 मार्च से गेहूं खरीद शुरू हुई थी। इसके लिए 87 केंद्र खोले गए हैं। इस बार जनपद को 20,500 मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य है। करीब 25 दिन बाद भी अभी तक मात्र 3934 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो पाई है। खरीद धीमी होने का मुख्य कारण किसानों का तहसीलों में लंबित सत्यापन है। नियमानुसार पंजीकरण के समय किसान जो जानकारी देते हैं, उसका लेखपालों से सत्यापन कराया जाता है। इस बार अभी तक 5361 किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें 1021 की ही सत्यापित रिपोर्ट लग पाई है। इसमें 796 किसान ही खरीद केंद्रों पर गेहूं बेचने पहुंचे हैं। अभी भी 4340 किसानों का सत्यापन नहीं हो सका है।
इंसेट-1
पिछले साल ज्यादा था खरीद लक्ष्य,
पिछले साल जिले को खरीद का लक्ष्य 28 हजार मीट्रिक टन दिया गया था। खरीद के लिए 92 केंद्र खोले गए थे। वर्ष 2025 में 25 अप्रैल तक का खरीद का आंकड़ा 2514 मीट्रिक टन का था। इस बार लक्ष्य घटाकर 20,500 मीट्रिक टन कर दिया गया है। हालांकि खाद्य विपणन विभाग केंद्र बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। अभी 87 केंद्र संचालित हैं। इनको बढ़ाकर 92 किया जाना है। खरीद 15 जून तक चलेगी।
वर्जन....
तहसीलों में सत्यापन प्रक्रिया तेजी पकड़ चुकी है। किसान केंद्रों पर जाकर उपज बेच सकता है। इस बार की खरीद रफ्तार तेज है। पिछले साल मात्र आठ फीसदी ही खरीद हुई थी। इस बार 11 फीसदी ज्यादा है। तय समय पर लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत खरीद कर ली जाएगी। -संतोष कुमार यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।
कुल खुले केंद्र-87
-विपणन शाखा के 15, पीसीएफ के 70 व एफसीआई के 2
-गेहूं का सरकारी खरीद मूल्य-2585 रुपये प्रति क्विंटल
बाजार भाव बढ़ने से कम आ रहे किसान
फतेहपुर चौरासी। कालीमिट्टी में खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा संचालित प्रथम व द्वितीय गेहूं क्रय केंद्र पर 2022 क्विंटल की खरीद हुई। केंद्र प्रभारी सुषमा द्विवेदी ने बताया कि बाजार में गेहूं का दाम करीब 2500 रुपये क्विंटल पहुंच गया है। इसी कारण केंद्र पर किसान कम आ रहे हैं।
सिर्फ एक किसान ने बेचा है 25 क्विंटल गेहूं
-पुरवा। किसानों के गेहूं की खरीद के लिए पीसीएफ तुसरौर समेत छह सेंटर बनाए गए हैं। पासाखेड़ा प्रभारी छेदीलाल ने बताया कि अभी तक एक किसान से 15 क्विंटल गेहूं की खरीद हो सकी है। ई-पास मशीन काम नहीं कर पा रही है। इसकी सूचना अधिकारियों को दी जा चुकी है। चमियानी में 13 किसानों से 384 क्विंटल, बेहटा भवानी में नौ किसानों से 396 क्विंटल, त्रिपुरारपुर में पांच किसानों से 109 क्विंटल व दरेहटा में आठ किसानों से 275 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है।
छह केंद्रों पर हो रही खरीद
हसनगंज। ब्लॉक क्षेत्र में गेहूं खरीद के लिए छह क्रय केंद्र खोले गए हैं। तेगापुर में 1236, लखनापुर में 25, संदाना में पांच, समदपुर भावा में 500, धौरा में 300 और मोहिनीखेड़ा में 116 क्विंटल की खरीद हो पाई है।
गढ़ी केंद्र पर खरीदा 200 क्विंटल गेहूं
सफीपुर। अहाता सोसाइटी केंद्र पर 70 और गढ़ी सेंटर पर 200 क्विंटल गेहूं की खरीद हो सकी है। असोहा के गोसाईंखेड़ा केंद्र पर अब तक 150 क्विंटल गेहूं की ही खरीद हो पाई है।
फोटो-12-सफीपुर के अहाता सोसाइटी केंद्र पर मौजूद लोग। संवाद