बिछिया। विकासखंड के जारगांव के मजरे गंजनखेड़ा में ट्रांसफार्मर खराब होने से 15 दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। इसको लेकर प्रधान प्रतिनिधि और जेई एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
15 दिन पहले गंजनखेड़ा का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था जिसे अबतक बदला नहीं जा सका है। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी में बच्चों की पढ़ाई, पेयजल आपूर्ति और घरेलू कामकाज बाधित हो रहे हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पंकज त्रिवेदी का आरोप है कि जेई से फोन पर बात की तो उन्होंने लापरवाही भरा जवाब देते हुए कहा कि ‘कोई नौकर नहीं हैं’। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन करेंगे।
वहीं बिछिया उपकेंद्र के अवर अभियंता श्रवण कुमार ने थाना प्रभारी अचलगंज को प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ शिकायतीपत्र दिया है। आरोप लगाया कि उन्होंने ट्रांसफार्मर लगाने गए विभागीय कर्मी राजकुमार को धमकाकर भगा दिया। इससे गांव में ट्रांसफार्मर नहीं लग पा रहा है। उन्होंने थाना प्रभारी से कार्रवाई की मांग की है।