उन्नाव/नवाबगंज। मार्च महीने में मौसम के मिजाज ने सबको हैरान कर दिया है। लगातार दूसरे दिन बुधवार तड़के घना कोहरा छाया रहा। इससे कानपुर-लखनऊ हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
आमतौर पर मार्च में आसमान साफ और तेज धूप निकलती है लेकिन इस बार दो दिन से कोहरा पड़ रहा है। बुधवार सुबह दृश्यता काफी कम रही, जिससे चालकों को सुबह आठ बजे तक हेड और फॉग लाइट जलानी पड़ी। तेज रफ्तार से फर्राटा भरने वाले वाहन कोहरे के बीच रेंगते हुए नजर आए। स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों के लिए मार्च में ऐसा घना कोहरा पड़ना आश्चर्यजनक है।
कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. सुनील पांडेय ने इसे असामान्य बताया। उन्होंने कहा कि यह कोहरा ज्यादा दिन नहीं रहेगा और एक-दो दिन में मौसम सामान्य हो जाएगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगामी मौसम का पूर्वानुमान
डॉ. पांडेय के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर पश्चिमी हवाओं की रफ्तार बढ़ सकती है। हवाएं 5.1 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती हैं। तेज धूप निकलने की भी संभावना है। नमी का प्रवाह बढ़ने से उसम में वृद्धि हो सकती है।