फतेहपुर चौरासी (उन्नाव)। आलू की रखवाली कर रहे किसान की मंगलवार की रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शरीर पर 17 चोटों के निशान मिले हैं। बेटे ने प्लॉट विवाद में गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
भिखारीपुर निवासी कन्हैयालाल निषाद (55) मंगलवार की शाम गांव से एक किलोमीटर दूर खेत पर आलू की फसल की रखवाली करने गए थे। बुधवार सुबह काफी देर तक घर न आने पर बड़े बेटे राकेश खेत पर पहुंचे। उन्होंने पिता का लहूलुहान शव चारपाई पर पड़ा देखा। राकेश ने चीखते हुए घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। हत्या की सूचना पर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी प्रेमचंद्र और पुलिस उपाधीक्षक सोनम सिंह मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चाकू और कुल्हाड़ी जैसे हथियार के 17 गहरे जख्म मिले हैं। दिल में चाकू घोंपने और फेफड़े फटने से किसान की मौत हुई।
बेटे राकेश ने पुलिस को बताया कि छह साल पहले पिता ने गांव के नंगू से एक बिस्वा का प्लॉट खरीदा था। छह महीने पहले जब प्लॉट पर निर्माण शुरू किया गया, तो नंगू ने विरोध किया। नंगू ने बेटे सोहन और दैनीपुरवा गांव निवासी हरिपाल व ज्ञानी के साथ मिलकर पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। राकेश ने आरोप लगाया है कि इन्हीं लोगों ने पिता की हत्या की है। कन्हैयालाल निषाद खेती का काम करते थे।
थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि बेटे राकेश की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें पिता-पुत्र सहित कुल चार लोगों पर हत्या का आरोप है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। एसओजी भी इस मामले की जांच में सहयोग कर रही है। घटना के बाद से सभी नामजद आरोपी फरार हैं।
आखिरी सांस तक बचने की कोशिश
किसान का शव चारपाई पर ही मिला और कपड़े अस्तव्यस्त मिलने से अनुमान लगाया जा रहा है कि सोते समय कई लोगों ने दबोच लिया और ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। किसान को चारपाई से उठने और भागने का मौका ही नहीं मिला। हालांकि बिस्तर और अस्तव्यस्त कपड़े बचने के लिए आखिरी सांस तक कोशिश की ओर इशारा कर रहे हैं। एसओ ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
जांच में पुलिस ले रही सर्विलांस की मदद
हत्या की इस घटना में पुलिस सर्विलांस टीम की भी मदद ले रही है। वारदात के समय घटना स्थल पर कितने मोबाइल फोन सक्रिय थे। वह किसके हैं और जिन लोगों पर मृतक के बेटे ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है उनकी कॉल डिटेल का ब्योरा भी तलाशा जा रहा है।
फोटो-25- कन्हैयालाल निषाद (फाइल फोटो)।- फोटो : आजमगढ़पुरवा में वन विभाग के पिंजरे में कैद तेंदुआ।