उन्नाव। 14 व 15 मार्च को दो पालियों में होने वाली उपनिरीक्षक परीक्षा में अधिकारी, कर्मचारी भी केंद्र के अंदर मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। यह निर्देश कलक्ट्रेट पन्नालाल सभागार में हुई बैठक में डीएम गौरांग राठी ने दिए।
डीएम ने स्टेटिक, सेक्टर व केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। कहा कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही संज्ञान में नहीं आनी चाहिए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखे जाएं। आवश्यक जगहों पर महिला पुलिस कर्मी भी लगाई जाएं। परीक्षा के प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा सक्रिय रूप से कार्य करना चाहिए। इसके लिए कंट्रोलरूम बनाया जाए। समय से बायोमैट्रिक कराई जाए। सभी परीक्षार्थियों के आधार व फोटो का मिलान ठीक ढंग से कर लिया जाए। परीक्षा केंद्र के अंदर कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं जाएगी। इसका केंद्र व्यवस्थापक विशेष ध्यान रखें। साथ ही किसी भी अधिकारी, कर्मचारी का मोबाइल अंदर नहीं जाएगा। बिना आईडी कार्ड के कोई भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाए। एएसपी अखिलेश सिंह ने बताया कि जनपद में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें दो पालियों में 9600 परीक्षार्थी भाग लेंगे। प्रत्येक पाली में 2400 परीक्षार्थी शामिल रहेंगे। प्रथम पाली का पेपर 10 से 12 बजे तक होगा। द्वितीय पाली में दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी।