उन्नाव। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत डॉयट परिसर में जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी तथा क्विज का आयोजन किया गया। इसमें 17 विकासखंडों के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मॉडल में नवाबगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय इटकुटी के छात्र का सेफ्टी फ्रॉम स्ट्रीट लाइट को पहला स्थान मिला। क्विज में सफीपुर टीम के छात्रों ने पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोरा ने किया। डीडीओ देव कुमार चतुर्वेदी व बीएसए शैलेश पांडेय ने मॉडलों का अवलोकन किया। मूल्यांकन समिति में शामिल डाॅयट प्राचार्या अमिता सिंह, जीजीआईसी की विज्ञान प्रवक्ता अल्का, जीआईसी के विज्ञान प्रवक्ता गंगा बक्श, डाॅयट प्रवक्ता शिल्पा त्रिपाठी व राजू शुक्ला ने मॉडल देखे। इसमें नवाबगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय इटकुटी के छात्र समर के सेफ्टी फ्रॉम स्ट्रीट लाइट मॉडल को सर्वश्रेष्ठ पाया। बांगरमऊ के बेड़ियागाढ़ा विद्यालय के राज वर्मा ने कचरे से लाइट का निर्माण कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बीघापुर के पीठईखेड़ा विद्यालय के छात्र आर्यन के मॉडल जल शुद्धिकरण ने तृतीय स्थान पाया। सभी को टैबलेट दिए गए।
वहीं क्विज में टीम सफीपुर के छात्रों ने प्रथम, सिकंदरपुर कर्ण ने द्वितीय व मियागंज ने तृतीय स्थान पाया। प्रथम पांच उत्कृष्ट मॉडल को टैबलेट प्रदान किया गया। सभी प्रतिभागी छात्रों को स्कूल बैग, स्टेशनरी किट और प्रमाणपत्र दिए गए। इस मौके पर जिला समन्वयक प्रशिक्षण शिवम सिंह, रामजी, डॉ. रचना सिंह, मुसर्रत फातमा और अखिलेश चंद्र शुक्ला भी मौजूद रहे।