गंजमुरादाबाद। होली पर निकलने वाला फाग जुलूस तीसरी आंख की निगरानी में निकाला जाएगा। इसका निर्णय शुक्रवार की शाम उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान लिया गया।
नगर के मोहल्ला जोगियाना होली के फाग जुलूस के लिए सबसे अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। यहां लगभग हर वर्ष दूसरे समुदाय या आपस में ही झड़प या झगड़ा होता रहा है। जिसे रोकने के लिए इस मोहल्ले में छतों पर पीएसी तैनात की जाती रही है। इस बार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है।
शुक्रवार की शाम एसडीएम बांगरमऊ बृज मोहन शुक्ला व सीओ संतोष सिंह के नेतृत्व में नगर के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। अतिसंवेदनशील मोहल्ला जोगियाना में रुककर बारीकी से किसी भी समस्या से निपटने के लिए रणनीति बनाई। इसमें सीसीटीवी की निगरानी में फाग जुलूस निकलवाने का निर्णय लिया गया। साथ ही पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की जाएगी। यदि आवश्यकता पड़ी तो ड्रोन की भी मदद ली जा सकती है।
इस मौके पर कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय, पूर्व चेयरमैन रामनरेश कुशवाहा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कामिल कुरैशी, मुकेश कुशवाहा, इब्राहिम अब्र, दिनेश शर्मा, नीरज यादव और मनोज विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
ड्रोन से किया रास्तों का निरीक्षण
सफीपुर। होली व रमजान को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने ड्रोन से मार्ग निरीक्षण किया। कोतवाली प्रभारी एसएन त्रिपाठी ने बताया कि होली पर्व पर कस्बे में निकलने वाले चाचर जुलूस, होलिका दहन स्थान व ईद पर ईदगाह मस्जिदों में होने वाली नमाज के मार्गों का ड्रोन से निरीक्षण किया गया। सभी मार्गो की भौगोलिक स्थिति के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी जाएगी। संवाद