फोटो-15- विजेता टीम को ट्राफी देते आयोजक व अतिथि। स्रोत: आयोजक
बीघापुर (उन्नाव)। बिहार कस्बे में आयोजित बाबा गौरीशंकर राज्यस्तरीय डे-नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब इक्सना क्लब रायबरेली ने जीता। फाइनल मुकाबले में कर्कसा टीम को सीधे सेटों में पराजित किया। इस प्रतियोगिता में आठ जिलों की टीमों ने शिरकत की।
सेमीफाइनल में इक्सना क्लब रायबरेली ने महाराणा प्रताप क्लब लखनऊ को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। कर्कसा रायबरेली ने टिकरा बाराबंकी को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया था। बेस्ट ऑफ थ्री के खेले गए 21 अंकों के फाइनल मैच में इक्सना क्लब ने दबदबा कायम रखते हुए कर्कसा को लगातार दो सेटों में 21-18 और 21-17 से हराकर शील्ड पर कब्जा कर लिया। इक्सना क्लब को 21,000 रुपये नकद और एक शील्ड प्रदान की गई। उपविजेता कर्कसा टीम को 15,000 रुपये और शील्ड से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में समाजसेवी सूरज सिंह और शिववीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कमेटी ने पूर्व वॉलीबॉल खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार कर्कसा टीम के खिलाड़ी फरहान को दिया गया। इस अवसर पर रज्जन सिंह बिहार, राम बहादुर सिंह, पुष्प फाउंडेशन के अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।