फोटो- 7- पीसीएफ केंद्र पर खाद वितरित करते केंद्र प्रभारी आशीष सिंह। संवाद
औरास। पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र सीमऊ पर शनिवार को 115 बोरी यूरिया खाद का स्टॉक था लेकिन खाद लेने दोगुने से अधिक किसान पहुंच गए। खाद न मिलने पर किसानों ने हंगामा करते हुए केंद्र प्रभारी पर मनमानी का आरोप लगाया। प्रभारी ने सोमवार को खाद आने और मंगलवार को वितरण करने की बात कही।
औरास के सीमऊ गांव में संचालित पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र पर शनिवार को खाद वितरण की सूचना मिलते ही आसपास से करीब 400 से अधिक किसान पहुंच गए। केंद्र प्रभारी आशीष सिंह ने पहले तो किसानों से खाद के लिए पैसा जमा करा लिए। खाद बांटने की शुरुआत होते ही केवल 70 से 75 किसानों को ही यूरिया मिल पाई। इससे शेष बचे किसानों ने केंद्र प्रभारी पर अपने चहेतों को खाद वितरण करने का आरोप लगाया।
किसान अनुज कुमार, श्रीराम, रूप नारायण, देवी प्रसाद, महेश, सूरज व राजेंद्र ने बताया कि प्रभारी ने सुबह ही पैसा जमा करा लिए थे। बाद में कुछ को ही खाद मिल सकी जबकि वह सभी सुबह से लाइन लगाए थे। आखिरी में मायूसी ही हाथ लगी। प्रभारी के काफी समझाने के बाद किसान शांत हुए।
प्रभारी ने बताया कि जिस किसानों के पैसे जमा कराए थे उनके वापस कर दिए गए हैं। सोमवार को खाद आ जाएगी। जो किसान छूट गए हैं, उनको मंगलवार को दी जाएगी। उधर, क्षेत्र की साधन सहकारी समिति औरास, झब्बरा, मवई, दिपवल, शाहपुर तोंदा, रामपुर गढ़ौवा व परसहरा में ताला लटकता रहा। सैकड़ों किसान मायूस होकर वापस लौटने को मजबूर हुए।