फोटो-24- नई लाइन के चालू करने के दौरान अधिकारियों से जानकारी लेते सदर विधायक पंकज गुप्ता। स्रो
उन्नाव। दही चौकी से सिटी व इब्राहिमाबाग उपकेंद्र के बीच नई बिजली लाइनों का निर्माण कराया गया है। इस पर करीब डेढ़ करोड़ का खर्च हुआ है। सोमवार को सदर विधायक पंकज गुप्ता ने नई बिजली लाइन को चालू किया। इससे अब शहरी क्षेत्र की 35 हजार की आबादी को निर्बाध बिजली मिलने की उम्मीद जगी है।
शहर के दो बिजली उपकेंद्रों में शामिल इब्राहिमाबाग व सिटी पावर हाउस दही चौकी ट्रांसमिशन उपकेंद्र से जुड़े हुए हैं। ट्रांसमिशन से इब्राहिमाबाग के बीच 12 किमी और सिटी पावर हाउस तक 16 किमी लंबी 33 केवी लाइन बिछी है। यह खेतों व जंगलों के बीच से निकली है। करीब 15 साल पुरानी लाइन होने के कारण यह काफी जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। जगह जगह अलग से तार व बांस की फंटी बांधी गई हैं। लंबी लाइन होने के कारण रोजाना फाल्ट में रहती है। कभी तार टूटता है तो कभी जंपर। इससे क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को बिजली किल्लत झेलनी पड़ रही थी। इसके बाद बिजनेस प्लान में दोनों उपकेंद्रों के बीच नई बिजली लाइन निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराया गया था। शासन से मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू हुआ था, जो अब पूरा हो पाया है। सोमवार को इस लाइन को शुरू कर दिया गया।
इंसेट-1
पुरानी लाइन भी रहेगी, इमरजेंसी में होगा प्रयोग
अधीक्षण अभियंता अमिय कुमार सिंह ने बताया कि पुरानी लाइन नहीं हटाई जाएगी। नई लाइन को चालू करा दिया गया है। इससे लोकल फाॅल्टाें से निजात मिलेगी। निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सकेगी। पुरानी लाइन का आकस्मिक स्थिति में प्रयोग किया जाएगा। एक्सईएन प्रथम हिमांशु गौतम ने बताया कि नई लाइनों चालू हो जाने से पीडी नगर, कासिम नगर, एबी नगर, पीतांबर नगर, हुसैन नगर, मोतीनगर, आईबीपी, नरेंद्र नगर, कसाई चौराहा, गदनखेड़ा, आदर्श नगर, निराला नगर व डीएसएन कालेज क्षेत्र की 35 हजार की आबादी को फायदा मिलेगा।