औरास। बघौड़ा गांव के पास से निकली नहर, पानी आने के तीसरे ही दिन कट गई। खांदी कटने से करीब 150 बीघा फसल जलमग्न हो गई। किसानों को फसल सड़ने की चिंता सता रही है। आरोप है कि सिल्ट सफाई में औपचारिकता बरती गई। छोर तक ठीक से सफाई न होने के कारण पानी उफनाने से खांदी कटी है।
शारदा नहर खंड दो से निकली नहर में बघौड़ा गांव की नहर की पिछले दिनों सिल्ट सफाई की गई थी। रविवार को नहर में पानी छोड़ा गया और मंगलवार को ओवरफ्लो होने से खांदी कट गई।
इससे उस्मान, प्रमोद, जाहिद, श्यामसुंदर, बहादुर, भैयालाल, राजेश, मन्ना लाल, ईश्वरदीन, सुल्तान, मैकू सहित लगभग 85 किसानों की 150 बीघा गेहूं की फसल जलमग्न हो गई। सूचना देने के बाद भी सिंचाई विभाग का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा तो किसानों ने खुद ही काफी मशक्कत कर मरम्मत कर पानी का बहाव रोका गया।
किसान प्रमोद ने बताया कि खांदी कटने के बाद कई बार जेई को फोन मिलाया लेकिन फोन नहीं उठा। किसानों ने आरोप लगाया कि सिल्ट सफाई में औपचारिकता बरती गई है। इससे आने वाले दिनों में फिर खांदी कटने का खतरा है।