उन्नाव। बीएसए कार्यालय में लगा बिजली का केबल जल जाने से काम-काज प्रभावित रहा। हैरानी की बात यह है कि सोमवार दोपहर के जला केबल मंगलवार को भी नहीं बदला जा सका। रोशनी और कंप्यूटर न चलने से कामकाज प्रभावित रहा। बीएसए ने बताया कि दूसरा केबल मंगवाया है।
बेसिक शिक्षा कार्यालय में बिजली का केबल जल जाने से आपूर्ति ठप हो गई। बीएसए के कार्यालय कक्ष सहित सभी पटलों का कामकाज बाधित हो गया। शिक्षकों के छुट्टी संबंधी आवेदन ऑनलाइन न होने के साथ ही एनओसी, मान्यता संबंधी कामकाज आदि नहीं हो सके। एमडीएम कार्यालय में दोपहर 1:30 बजे कुर्सियां खाली थीं। यही हाल लेखा कार्यालय का रहा। केबल मीटर के पास से जला होने से जनरेटर से भी सप्लाई नहीं हो सकी। बीएसए शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि नया केबल मंगाया गया है, बुधवार को उसे लगवाकर बिजली आपूर्ति सुचारू कराई जाएगी।