उन्नाव। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण के बाद तैयार हुई मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन 23 दिसंबर को होगा। इसके बाद एक सप्ताह तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। साथ में नए नाम बढ़ाने, संशोधन व हटाने का भी काम किया जाएगा।
पंचायत चुनाव की मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अगस्त 2025 से शुरू हुआ था। बीएलओ द्वारा 14 अगस्त से 29 सितंबर तक घर, घर जाकर निर्धारित प्रोफार्मा पर वोटरों का सत्यापन किया गया था। बीएलओ ने ऑफ व ऑनलाइन दोनों तरीके से कार्य किया। एक जनवरी 2025 को 18 साल की आयु पूरी कर चुके करीब 2.91 लोगों का नाम सूची में शामिल किया। 38931 वोटरों का नाम आदि संशोधित किया गया। इसके बाद 2131587 वोटरों की अनंतिम सूची तैयार हुई। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत निकाय वीके श्रीवास्तव ने बताया कि इसका अनंतिम प्रकाशन 23 दिसंबर को होने जा रहा है। इस बार नए नाम बढ़ाने, संशोधन व हटाने का काम भी समानांतर चलेगा।
यह है कार्यक्रम
23 दिसंबर को मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन
24 से 30 दिसंबर के बीच दावे, आपत्तियां
31 दिसंबर से छह जनवरी के बीच निस्तारण
6 फरवरी को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन