उन्नाव। कृषि विभाग के तीन अधिकारियों ने अलग-अलग तहसीलों में जाकर 34 खाद दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान रजिस्टर अपडेट न मिलने पर एक दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया। साथ ही 11 अन्य दुकानों को नोटिस जारी किया। आठ नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
कृषि उप निदेशक रविचंद्र प्रकाश ने बीघापुर, जिला कृषि अधिकारी शशांक कुमार ने बांगरमऊ व सफीपुर, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप ए अनुराग कुमार ने हसनगंज व पुरवा तहसील की 34 दुकानों में छापा मारा। स्टॉक व बिक्री रजिस्टर चेक किए। गोदाम में रखी खाद की बोरियों को देखा। मौके से खाद के स्टाक से आठ नमूने लिए।
लंबे समय से रजिस्टर अपडेट व अन्य खामियां मिलने पर सौम्या खाद भंडार देवाराकला सरोसी का लाइसेंस निलंबित कर दिया। 11 अन्य दुकानों को भी बोर्ड पर स्टॉक व बिक्री दर न लिखने पर नोटिस जारी की। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि सभी दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि खाद का वितरण पीओएस के माध्यम से खतौनी के अनुसार ही करें। दुकान पर स्टॉक, रेट बोर्ड, वितरण रजिस्टर तथा कैश मेमो अवश्य रखें।