फोटो-13- खाद के लिए साधन सहकारी समिति पर लगी किसानों की भीड़। संवाद
मौरावां। करीब एक सप्ताह बाद साधन सहकारी समिति हिलौली में पहुंची यूरिया को लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान लाइन में लगे किसानों में पहले खाद लेने को लेकर जमकर धक्कामुक्की हुई। इससे वितरण के दौरान आधे घंटे तक समिति में अफरातफरी मची रही। सूचना पर एडीओ सहकारिता पहुंचे और उन्होंने किसानों को खाद दिए जाने का आश्वासन देकर शांत कराया।
अगैती बोई गई रबी की प्रमुख फसल गेहूं में अब यूरिया की जरुरत है।इसके लिए किसान परेशान हैं। करीब एक सप्ताह बाद जब हिलौली साधन सहकारी समिति में 450 बोरी खाद आने की जानकारी किसानों को हुई तो मंगलवार को लेने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। काफी किसानों ने सुबह जल्द ही केंद्र पर पहुंचकर खाद के लिए लाइन लगा ली।
सुबह 10 बजे जैसे ही केंद्र खुला तो पहले खाद लेने को लेकर लाइन में खड़े किसानों में धक्कामुक्की होने लगी। आगे आकर पहले यूरिया लेने के लिए किसानों की आपस में होड़ मचने से समिति में अफरातफरी का माहौल हो गया। करीब आधे घंटे तक यही स्थिति बनी रही। इसकी सूचना मिलते ही एडीओ सहकारिता हिलौली नितेश कुमार सोनकर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाया और सभी से लाइन में खड़े होकर नंबर आने पर खाद लेने का आग्रह किया। इसके बाद किसान लाइन में खड़े हो गए। तब कहीं वितरण शुरू हुआ।
इंसेट-1
किसान बोले-फसल के लिए यूरिया जरूरी
किसानों में रामस्वरूप, रामानंद, गुरदीन, केवल राम, आत्मा प्रसाद, रामबहादुर आदि ने बताया कि गेहूं की पहली सिंचाई के बाद यूरिया की जरुरत होती है। उस लोगों ने पहले ही गेहूं की बुआई कर दी थी। अब खाद की जरूरत है पर समितियों में सन्नाटा है। काफी दिन बाद यहां समिति में यूरिया आई तो जानकारी मिलने पर लेने पहुंचे थे।
वर्जन....
समिति में अभी 450 बोरी यूरिया आई है जिसे किसानों में वितरित की जा रही है। शेष किसानों को दो दिन बाद यूरिया की आने वाली खेप से दी जाएगी। -नितेश कुमार सोनकर, एडीओ सहकारिता हिलौली।