फोटो-8-भूवैज्ञानिक बनीं रिया को मिठाई खिलातीं मां संध्या अवस्थी। स्रोत: परिजन।
फोटो-8-भूवैज्ञानिक बनीं रिया को मिठाई खिलातीं मां संध्या अवस्थी। स्रोत: परिजन।
सफीपुर तहसील का पट्टी अमौरा है पैतृक गांव
कोरोनाकाल में पिता के निधन के बाद मां ने बेटी को पढ़ाया
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। सफीपुर तहसील के पट्टी अमौरा की रिया अवस्थी यूपीएससी की जियोसाइंटिस्ट परीक्षा-2025 में नौंवी रैंक हासिल कर भूवैज्ञानिक बन गईं हैं। कोरोना काल में पिता का साया सिर से उठने के बाद भी मां ने खुद को टूटने नहीं दिया और बेटी की पढ़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसका सुखद परिणाम सामने आया और बेटी ने बड़ी सफलता हासिल की।
रिया अवस्थी वर्तमान में परिवार के साथ लखनऊ के राजाजीपुरम में रहती हैं। पिता सुनील कुमार अवस्थी का कोरोना काल में निधन हो गया था। इसके बाद मां संध्या अवस्थी ने बेटी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उठाई। रिया बचपन से ही होनहार थीं। पिता का सपना था कि बेटी अफसर बने।
रिया ने पिता के सपने को पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया। कड़ी मेहनत की और जियोसाइंटिस्ट की परीक्षा दी। परिणाम आया तो रिया ने ऑल इंडिया में नवीं रैंक हासिल कर भूवैज्ञानिक बनकर न सिर्फ पिता का सपना पूरा किया, बल्कि कस्बे के साथ जिले का भी नाम रोशन किया है।
रिया ने दसवीं यूपी और इंटर आईएससी बोर्ड से किया। स्नातक में गोल्ड मेडलिस्ट रहीं। रिया कई परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकीं हैं। रिया ने बताया कि खुद से ही तैयारी करके पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की। मां ने हर कदम पर साथ दिया। यह सफलता मां को समर्पित है। इसके अलावा मामा सत्यम बाजपेयी ने भी हमेशा हौसला बढ़ाया।