फोटो-19-सादुल्लापुर में आयोजित दंगल में एक दूसरे को पटकनी देने की कोशिश करतीं महिला पहलवान। सं
फतेहपुर चौरासी। गांव सादुल्लापुर में शनिवार को दंगल का आयोजन किया गया। इसमें पहलवानों ने दांवपेंच दिखाए। महिला पहलवानों की कुश्ती आकर्षण का केंद्र रहीं। अयोध्या के पहलवान नारेंद्र दास ने हरियाणा के अंकित को हराकर दंगल केसरी का खिताब जीता।
दंगल में कानपुर की महिला पहलवान मुस्कान ने इटावा की पूनम को हराया। वहीं पुरुषों की कुश्ती में कन्नौज के महावीर ने कानपुर के विनोद, मल्लावां के पप्पू तिवारी ने रायबरेली के रामू और कानपुर के शमशाद ने जनपद के जान मोहम्मद को कड़े मुकाबले में हराया। आखिरी कुश्ती अयोध्या के नारेंद्र दास व हरियाणा के अंकित के बीच हुई। काफी संघर्ष के बाद नारेंद्र दास ने अंकित को पटकनी देकर दंगल केसरी का खिताब जीता।
ग्राम प्रधान जितेंद्र राजपूत ने विजयी पहलवानों को पुरस्कृत कर सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विधायक श्रीकांत कटियार, ब्लाॅक प्रमुख मनोज निषाद, फतेहपुर चौरासी नगर पंचायत अध्यक्ष मिथलेश जायसवाल, ज्ञानेंद्र सिंह, अतुल मिश्रा, कुलदीप शुक्ला, शिवानुज पांडेय आदि मौजूद रहे।