फोटो-33-आरती (फाइल फोटो) स्रोत: परिजन।
बीघापुर। टिकुरीमऊ गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की है।
बारासगवर थानाक्षेत्र के गांव पिपरहा निवासी उमाशंकर बाजपेई की बेटी आरती (33) का विवाह 20 मई 2016 में बीघापुर के गांव टिकुरीमऊ के रहने वाले अनुराग शुक्ला से हुआ था। पिता उमाशंकर ने बताया कि विवाह के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए पति अनुराग, ससुर राजा, सास ममता उर्फ गुड्डी और देवर अनुज प्रताड़ित करते थे। कई बार लोगों के बीच में समझौता भी हुआ। शुक्रवार शाम चार बजे टिकुरीमऊ के पड़ोसियों ने बेटी की मौत की सूचना दी। जब बेटी की ससुराल पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। बेटी की गला दबाकर हत्या किए जाने के लक्षण दिख रहे थे। थानाध्यक्ष राजपाल ने बताया कि पिता की तहरीर पर चारों लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के एक पुत्र सुयश (8) तथा पुत्री पूजा (3) है।
मारपीट में रिपोर्ट
बीघापुर। बिहार थानाक्षेत्र के गौरा गांव में हैंडपंप से पानी भरने के विवाद को लेकर मारपीट हो गई। गौरा निवासी अजय कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि सुंदारा के दरवाजे लगे सरकारी हैंडपंप में पानी भरने गया था। तभी सुंदारा ने गालियां देने के साथ लाठीडंडों से मारना शुरू कर दिया। जिससे हाथ में फ्रैक्चर हो गया। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि मेडिकल व तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है। संवाद