हसनगंज। कोतवाली क्षेत्र के लालपुर गांव के युवक का शव डेढ़ किमी दूर आम के बाग में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच की। परिजनों ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है।
लालपुर निवासी गोकरन रावत (33) का गुरुवार शाम छह बजे गांव से डेढ़ किमी दूर अपने ही आम के बाग में गमछे के फंदे से शव लटका मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। अपराध निरीक्षक ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। मृतक दो भाईयों में बड़ा था। छोटा भाई भारत, मां कमला सहित तीन बहनें दीपा, भारती, अंजली रोकर बेहाल हो गईं। गोकरन मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। छोटे भाई भारत ने बताया कि चार वर्ष पूर्व पत्नी की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। दूसरी पत्नी आई जो एक साल बाद चली गई। कोई संतान नहीं थी। अपराध निरीक्षक राम बचन भारती ने बताया कि परिजनों ने किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।