-जानकारी देते क्लब के सचिव अजय श्रीवास्तव, अध्यक्ष बादल व अन्य पदाधिकारी। स्रोत: स्वयं
- फोटो : 1
उन्नाव। केपी बैडमिंटन क्लब 13 से 15 नवंबर तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित करेगा। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के साथ ओपन, वेटरन्स और सुपर वेटरन्स वर्ग के खिलाड़ी भी प्रतिभाग करेंगे।
क्लब के सचिव अजय श्रीवास्तव और अध्यक्ष बादल ने बताया कि यह प्रतियोगिता हर साल कृष्ण प्रकाश जगदीश प्रसाद श्रीवास्तव की स्मृति में होती है। इस वर्ष भी प्रतियोगिता छह आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी। इसमें अंडर 13, अंडर 15 और अंडर 19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं शामिल होंगे। 20 से 44 वर्ष आयु वर्ग में ओपन मुकाबले होंगे। 45 से 55 वर्ष में वेटरन्स और 56 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सुपर वेटरन्स के मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन 13 नवंबर को शाम पांच बजे स्टेडियम में होगा। 14 और 15 नवंबर को सुबह नौ बजे से मैच शुरू होंगे। समापन 15 नवंबर को शाम छह बजे पुरस्कार वितरण के साथ होगा।
खिलाड़ियों को 13 नवंबर तक पंजीकरण कराना होगा। प्रवेश शुल्क आयु वर्ग के अनुसार निर्धारित किया गया है। एकल मुकाबले के लिए 200 से 400 रुपये और युगल के लिए 400 से 600 रुपये तक शुल्क रखा गया है। खिलाड़ी स्टेडियम या एलआईसी कार्यालय में संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। क्लब पदाधिकारी अरुण सिंह, परवेज खान, आशीष वर्मा, कौशल गुप्ता और रोली सरीन सहयोग करेंगे।