उन्नाव। अमरोहा में होने वाली प्रदेशस्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल बृहस्पतिवार को जिला क्रीड़ा स्टेडियम में होगा। इसमें चयनित खिलाड़ियों को मंडल चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा।
खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 19 से 21 नवंबर के बीच अमरोहा के मालीखेड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेशस्तरीय समन्वय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसमें प्रतिभाग के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल जिला स्तर पर 12 नवंबर की शाम 04:30 बजे से पं. दीनदयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने बताया कि जिलास्तर पर चयनित खिलाड़ी 13 नवंबर को सुबह 11 बजे से मंडलीय ट्रायल चौक स्टेडियम लखनऊ के लिए रवाना होंगी। ट्रायल में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों को अपना आधारकार्ड एवं उसकी दो फोटोकॉपी साथ लाना अनिवार्य होगा। इच्छुक खिलाड़ी समय से पहुंचकर स्टेडियम में कृष्ण प्रताप सिंह से संपर्क करें।