फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: बारिश से जलनिगम कार्यालय और स्वास्थ्य केंद्रों में भरा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। झमाझम बारिश से सरकारी कार्यालयों सहित कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। जलनिगम शहरी कार्यालय में घुटनों तक पानी भर गया। यहां पंपसेट लगाकर पानी निकाला गया। बीघापुर और बांगरमऊ में भी स्थिति गंभीर रही।
विज्ञापन

बीघापुर नगर पंचायत स्थित श्रीकमलापति इंटर कॉलेज, एक्सीलेंट विद्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पानी घुस गया। प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि विद्यालय के कमरों में डेढ़ फीट पानी भर गया था। बांगरमऊ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम न्यायालय और नौनिहालगंज बाजार में भी जलभराव हुआ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जलनिकासी की कमी से मरीजों और चिकित्सकों को परेशानी हुई। सीएचसी प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार ने समस्या समाधान के लिए नगर पालिका को पत्र भेजा है। मुख्य बाजार में जलभराव से दुकानदारों और ग्राहकों को भी मुसीबत उठानी पड़ी।
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने वार्ड नंबर 16, 24, 3 और 18 में जल निकासी तथा नालियों की सफाई का जायजा लिया। उन्होंने जलनिकासी की व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की। शहर में नौ स्थानों पर पंपिंग सेट और दो स्थानों पर पंप जनरेटर सेट लगाए गए हैं। ईओ को जलनिकासी व्यवस्था प्रभावी रखने और नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए। जनपद ऑरेंज अलर्ट पर है, लोगों से 29 सितंबर तक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
विज्ञापन


बारिश से धान को फायदा, अन्य को फसलों को नुकसान
जिला कृषि अधिकारी शशांक कुमार ने बताया कि इस बारिश से धान की फसल को फायदा है लेकिन दलहनी व तिलहनी फसलों को नुकसान की आशंका है। किसान फसलों में जलजमाव न होने दें। भरे पानी को निकालने की व्यवस्था भी करें। यदि 23 से 26 सितंबर के बीच मौसम की विपरीत परिस्थिति से यदि फसलों को बारिश से नुकसान पहुंचा हो तो फसल बीमित किसानआपदा घटित होने के 72 घंटे के अंदर भारत सरकार के टोल फ्री नंबर-14447 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। बताया कि फसल में हुए नुकसान की शिकायत मिलने पर राजस्व, कृषि व प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रतिनिधि द्वारा संयुक्त रूप से सर्वे किया जाएगा। इसके बाद क्षतिपूर्ति प्रदान की जाएगी।

कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित, ग्रामीण परेशान
औरास/हसनगंज/पुरवा/असोहा। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। शुक्रवार सुबह से ठप हुई बिजली शनिवार शाम तक बहाल नहीं हो सकी। इससे हजारों घरों में अंधेरा छा गया और पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बिजली निगम के अधिकारी और कर्मचारी मरम्मत में जुटे रहे।
खोखापुर से औरास पावर हाउस को आने वाली 33 केवी लाइन पर हैदराबाद हनुमान मंदिर के पास तीन पेड़ गिर गए। इससे छह खंभे और लाइन टूट गई। उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र राजपूत ने बताया कि लाइन ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं। हसनगंज उपकेंद्र क्षेत्र के कई फीडरों में करीब 36 घंटे से बिजली बंद है।
हसनगंज उपकेंद्र से नई सराय, मौला बांकीपुर, हसेवा, संदाना, हसनापुर और धौरा समेत कई गांवों की आपूर्ति बाधित है। कनिष्ठ अभियंता पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर लाइनें बागों से गुजरती हैं। बारिश में पेड़ों की टहनियां गिरने से तार टूट गए हैं। ऐरा भदियार बिजली उपकेंद्र से पावा, परियर, थाना, बेहटा, सिकंदरपुर और चकलवंशी फीडरों को बिजली मिलती है। इस उपकेंद्र से करीब 2500 उपभोक्ता लाभान्वित होते हैं। कई दिनों की बरसात से यह उपकेंद्र भी बंद है। चकलवंशी के उपभोक्ताओं ने पानी और रोशनी की गंभीर समस्या बताई।
सफीपुर टाउन में शुक्रवार रात 10 बजे से करीब 15 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। कनिष्ठ अभियंता दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि तीन अलग-अलग स्थानों पर खंभा और पेड़ गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। इसे सही करा दिया गया है। असोहा में कालूखेड़ा, पाठकपुर और दरसवां उपकेंद्र से जुड़े करीब 150 गांवों की आपूर्ति 16 घंटे तक बंद रही। गदोरवा में एक ट्रांसफार्मर खराब हो गया है और विभिन्न जगहों पर 15 खंभे टूट गए हैं। परियर क्षेत्र में 36 घंटे बाद भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी है।
पुरवा में कस्बे और दलीगढ़ी फीडर में देर रात से ठप बिजली आपूर्ति करीब 19 घंटे बाद बहाल हो सकी। मंगतखेड़ा और बेहटा फीडर में भी खराबी के चलते करीब 12 घंटे बिजली बाधित रही। अधिशासी अभियंता विमल कुमार ने बताया कि दो दिन से हो रही बारिश और हवाओं के कारण फीडरों में खराबी और ट्रिपिंग की समस्या आई थी। उन्होंने बताया कि सभी फीडरों की खराबी ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। ट्रिपिंग की शिकायतें भी मिल रही हैं, जिनमें जल्द सुधार कराया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें