उन्नाव। सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती ने अपना बयान बदल दिया है। पुलिस को बताया कि तीन महीने का वेतन नहीं मिला था और मांगने पर बदसलूकी की जाती थी। होटल संचालक ने वेतन दे दिया है, इसलिए वह अब कोई कार्रवाई नहीं चाहती। हालांकि बृहस्पतिवार को होटल संचालक ने एक दिन पहले यानी बुधवार को ही नौकरी पर रखने की बात बताई थी।
शहर के एक मोहल्ला में रहने वाली युवती ने बृहस्पतिवार को हाईवे स्थित एक होटल के संचालक और उसके साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। शुक्रवार को तहरीर देकर पुलिस को बताया कि होटल मालिक ने उसे तीन महीने का वेतन नहीं दिया था। मांगने पर उसके साथ बदसलूकी की जाती थी। पुलिस के अनुसार, युवती ने डायल 112 पर की गई अपनी शिकायत को वापस लेने की बात कही है। हालांकि होटल मालिक ने शिकायत किए जाने वाले दिन, बृहस्पतिवार को बताया था कि युवती ने बुधवार को ही नौकरी शुरू की थी। ऐसे में तीन महीने के वेतन बकाया का विवाद होना सवाल खड़े कर रहे हैं। पुलिस इस विरोधाभास की जांच कर रही है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि युवती ने अपनी शिकायत वापस ले ली है।