मरम्म्त के लिए जाजमऊ पुल से डामर की परत हटाती जेसीबी। संवाद
उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत का काम तेजी पकड़ रहा है। रविवार को उन्नाव छोर की सड़क से डामर हटाने का काम शुरू किया गया। इस दौरान यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। कहीं पर भी जाम की समस्या नहीं हुई।
13 सितंबर से जाजमऊ पुल पर मरम्मत कार्य की शुरुआत हुई थी। कार्य के दौरान पुल से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगी है जबकि छोटे वाहनों को निकाला जा रहा है। भारी वाहनों को बदरका सहित अन्य स्थानों से दूसरे रास्तों में डायवर्ट किया जा रहा है। रविवार को सड़क का डामर हटाने का काम शुरू हुआ। कानपुर से उन्नाव की ओर सड़क में जेसीबी की मदद से डामर की गहरी खुदाई कराई जाती रही।
एनएचएआई के इंजीनियरों के मुताबिक, डामर हटाने के बाद ही नीचे के ज्वाइंटों को बदलने का काम किया जाएगा। इसी कारण पहले डामर को हटाया जा रहा है। रविवार को छुट्टी होने के कारण हाईवे पर यातायात कम रहा। इसके चलते जाजमऊ पुल से निकलने वाले छोटे वाहनों की संख्या कम रही। उधर, डाइवर्ट प्वाइंटों पर भी ट्रैफिक कम होने से जाम के हालात नहीं दिखे। पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के कारण वाहन निकलते रहे।