उन्नाव/अचलगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे के जाजमऊ पुल के मरम्मत के काम तेजी आई है। शुक्रवार को दूसरे स्पॉन को जैक से उठाकर बियरिंग की सफाई और बदलने का काम कराया गया। वहीं कानपुर की तरफ एप्रोच रोड को उखाड़ कर मरम्मत शुरू कराई गई है। दोपहर दो बजे एप्रोच रोड का काम शुरू होते ही उन्नाव से कानपुर की तरफ जाने वाली लेन का यातायात रेंगने लगा। शाम पांच बजे पूरे पुल पर वाहन नजर आए, हालांकि इस दौरान बियरिंग की मरम्मत का काम नहीं रुका।
जाजमऊ स्थित गंगा पुल की मरम्मत के लिए कानपुर जाने वाली लेन को 13 दिसंबर तक भारी वाहनों के लिए बंद किया गया है। पुल के दूसरे और तीसरे स्पॉन को 20 टन वजन उठाने की क्षमता वाले चार हाइड्रोलिक जैक की मदद से उठाकर बियरिंग की सफाई और खराब बियरिंग को बदलने का काम कराया गया। काम को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए एनएचएआई ने पुल के एप्रोच रोड को भी नए सिरे से बनाने का काम शुरू किया है। ऊपरी परत को उखाड़ कर नई परत बिछाई जा रही है।
शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे पुल के कानपुर छोर की तरफ एप्रोच रोड की मरम्मत शुरू हुई, आधी लेन को बंद करके आधे से वाहनों को निकाला गया। इससे यातायात शाम छह बजे तक रेंगता रहा। हालांकि इस लेन से केवल हल्के दो और चार पहिया वाहन ही होने से किसी तरह की समस्या नहीं हुई।
शाम को डायवर्जन पॉइंटों पर लगा जाम
अचलगंज। सुबह के समय वाहन अधिक न होने से डायवर्जन पॉइंटों पर यातायात सामान्य रहता है, लेकिन शाम चार बजे के बाद जैसे-जैसे वाहनों की संख्या बढ़ने लगी यातायात के दबाव में संचालन उलझने लगता है। लखनऊ-कानपुर हाईवे और उन्नाव-लालगंज हाईवे को जोड़ने वाले गदनखेड़ा चौराहा पर भारी वाहनों को रायबरेली की ओर मुड़ने के दौरान जाम लगता रहा। रायबरेली हाईवे को कानपुर हाईवे और गंगा बैराज मार्ग को जोड़ने वाले आजाद मार्ग चौराहा पर भी शाम को पांच बजे से रात नौ बजे तक यातायात कई बार उलझा।
वर्जन...
पुल की मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है। बेयरिंग बदलने और मरम्मत के साथ ही एप्रोच रोड व अन्य जो भी मरम्मत योग्य काम हैं सभी को जल्द से जल्द पूरा करने के प्रयास किया जा रहा है। स्लैब स्पॉन को उठाकर बेयरिंग की सफाई, मरम्मत और बदलने का काम भी जारी है। -सुधीर नैथानी, मैनेजर एनएचएआई।
जाजमऊ पुल के स्पॉन को जैक से उठाकर बेयरिंग की रिपेयरिंग करते तकनीकी कर्मचारी।संवाद
जाजमऊ पुल के स्पॉन को जैक से उठाकर बेयरिंग की रिपेयरिंग करते तकनीकी कर्मचारी।संवाद
जाजमऊ पुल के स्पॉन को जैक से उठाकर बेयरिंग की रिपेयरिंग करते तकनीकी कर्मचारी।संवाद