निराला पार्क में बैठक करते पैक्स समितियों के कर्मचारी। स्रोत: आयोजक।
उन्नाव। पैक्स समितियों में कार्यरत कर्मचारियों की निराला पार्क में बैठक हुई। इसमें नियमित वेतन न मिलने का मुद्दा उठा। बैठक में विभिन्न बी-पैक्स समितियों के कर्मचारियों ने अन्य समस्याएं भी रखीं। इसके बाद एआर कोऑपरेटिव को ज्ञापन दिया और 22 सितंबर को लखनऊ में प्रदर्शन का ऐलान किया।
संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी की अगुवाई में कर्मचारियों ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता को ज्ञापन दिया। इसमें लागू वेतनमान के अनुसार राजकोषीय सहायता से नियमित एवं समयबद्ध वेतन उपलब्ध कराने की मांग की गई। बताया कि 22 सितंबर को लखनऊ स्थित आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता कार्यालय पर प्रदर्शन एवं घेराव किया जाएगा। जनपद से भी कर्मचारी इसमें शामिल होंगे। बैठक में जिला अध्यक्ष शिवनरायण तिवारी, जिला महामंत्री बालेश कनौजिया, उपाध्यक्ष हीरालाल, अनित जायसवाल, सुमित पाल, प्रदीप पाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।