उन्नाव/सफीपुर। शहर और सफीपुर में बारिश के दौरान तीन जगहों पर पेड़ गिर गए। इससे एक तरफ जहां यातायात बाधित रहा वहीं दूसरी ओर बिजली गुल रही। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर एक घंटे बाद वाहनों का आवागमन शुरू कराया। बिजली आपूर्ति सात घंटे बाद बहाल हो सकी।
सिविल लाइन में सुबह पांच बजे के करीब पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। किसी तरह से पेड़ हटाकर सात बजे आपूर्ति की गई, तभी आंबेडकर पार्क के पास दूसरा पेड़ गिर गया। इसे हटाने में समय लग गया। इसके चलते पांच घंटे और बिजली आपूर्ति ठप रही। करीब दोपहर 12 बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी।
वहीं, सफीपुर में उन्नाव-हरदोई मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले बम्हना-मिर्जापुर संपर्क मार्ग पर बारिश के चलते पुराना विशालकाय आम का पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिर गया। पेड़ की बड़ी शाखाओं और डालियों के फैल जाने के से इस मार्ग पर वाहनों और राहगीरों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। वन विभाग के कर्मचारियों ने पेड़ को काटना शुरू किया। एक घंटे बाद वाहन रेंगना शुरू हुए।
स्थानीय निवासियों और राहगीरों के अनुसार, संपर्क मार्ग पहले से ही काफी संकरा है। ऐसे में सड़क के मुख्य हिस्से पर बुधवार दोपहर दो बजे पेड़ गिर जाने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहिया वाहनों से लेकर पैदल निकलने वाले लोगों को भी कंटीली और घनी डालियों के बीच से जान जोखिम में डालकर जैसे-तैसे निकलना पड़ा। कार, ऑटो और मालवाहक गाड़ियां एक घंटे जाम में फंसी रहीं। पेड़ गिरने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रास्ते को सुगम बनाने का प्रयास किया।
मार्ग बाधित होने से मुस्तफाबाद, नरहरपुर, देवगंमऊ , शेरपुर खुर्द का संपर्क मुख्य बाजार और सफीपुर तहसील मुख्यालय से कट गया है। मरीजों और दैनिक यात्रियों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वन विभाग के एसआई ऋषभ कुमार ने बताया कि कर्मचारियों को मौके पर भेजकर पेड़ हटवाया गया।
फोटो-17-शहर में आंबेडकर पार्क के पास गिरे पेड़ को हटाते कर्मी। संवाद