गंजमुरादाबाद। बीईओ ने कई परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अनुपस्थित मिलीं प्रधान शिक्षिका सहित चार को नोटिस जारी करने के साथ स्पष्टीकरण तलब किया है। एक स्कूल में जलभराव के साथ गंदगी देखकर शिक्षक को साफ कराने के निर्देश दिए।
बीईओ संजय कुमार सुबह 8:15 बजे नेवल स्थित प्राथमिक स्कूल पहुंचे। प्रधान शिक्षिका रचना गुप्ता, सहायक शिक्षिका प्राची कटियार, शैलजा भारती और सोनी गुप्ता अनुपस्थित मिलीं। सभी को नोटिस जारी करने के साथ स्पष्टीकरण मांगा है। इसके बाद प्राथमिक स्कूल कैथलपुरवा पहुंचे। यहां शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित मिले। मेन्यू के अनुसार मिड-डे मील भी बना था लेकिन जलभराव की समस्या के साथ शिक्षण कार्य सही नहीं मिला।
सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं मिली। इस पर शिक्षकों को चेतावनी दी और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। बीईओ ने बताया कि अनुपस्थित मिलीं शिक्षिकाओं को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। स्कूलों में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।