फोटो-20-प्रधानमंत्री आवास योजना के पास हो रही प्लॉटिंग को जेसीबी से उखाड़ते कर्मचारी, मौजूद अधि
- फोटो : 1
उन्नाव। उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण क्षेत्र में बिना मानचित्र और लेआउट पास कराए की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्राधिकरण ने बुधवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। दो स्थानों पर नौ बीघा में प्लॉटिंग के लिए डाली गई नींव, रास्ता और कमरे को जेसीबी से तोड़ दिया।
यूएसडीए के सचिव/नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह ने अवैध भवन निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के पास मन्नू यादव की ओर से करीब तीन बीघा में की जा रही प्लॉटिंग का प्राधिकरण से नक्शा और लेआउट पास न होने पर किए गए निर्माण को जेसीबी से तोड़ दिया।
कांशीराम कॉलोनी रोड प्राइम रेजीडेंसी के नाम से करीब छह बीघा में बिना मानचित्र स्वीकृति के की जा रही प्लॉटिंग को भी ध्वस्त कराया गया। हालांकि प्लॉटिंग करने वाले लोगों ने यह प्लॉटिंग प्राधिकरण के क्षेत्र से बाहर होने और बिना पूर्व नोटिस के कार्रवाई का आरोप लगाया है। प्राधिकरण के प्रभारी सचिव ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध भवन निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एक्सईएन हरदयाल अहिरवार, जेई कमल दीप, संतोष कुमार कुशवाहा व प्राधिकरण का प्रवर्तन स्टाफ मौजूद रहा।