अचलगंज। सऊदी अरब में काम कर रहे अचलगंज के सुपासी गांव निवासी युवक की बीमारी से मौत के 12वें दिन शव घर आएगा। परिजनों की मांग पर सांसद साक्षी महाराज ने विदेश मंत्रालय से शव लाने के लिए सहयोग की मांग की थी।
क्षेत्र के सुपासी गांव निवासी शिवम पाल (30) सात महीने पहले आजाद वीजा पर सऊदी अरब गया था। वह वहां एक मोबाइल कंपनी में काम कर रहा था। कुछ दिन बीमार रहने के बाद 30 जुलाई को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शिवम की मां रानी व अन्य परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो बेटे का शव लाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई थी। सांसद ने बताया कि शिवम का पार्थिव शरीर मंगलवार 11 अगस्त को सुबह विमान से 8:20 बजे लखनऊ हवाई अड्डा पहुंचेगा। बताया विदेश मंत्रालय और रियाद स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को स्वदेश लाने की अनुमति मिल गई है। दिवंगत शिवम की मां व अन्य परिजनों ने सांसद और दूतावास के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।