फोटो-41- बक्सर पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर हाइट गेज लगाते मजदूर। संवाद
उन्नाव। कानपुर-प्रयागराज हाईवे को बीघापुर तहसील और लखनऊ से जोड़ने वाले बक्सर स्थित गंगा नदी पुल की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए कल सोमवार से पुल से भारी वाहनों का आवागमन को दो महीने के लिए बंद कर दिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी ने हाइट गेज बैरियर लगाने का काम शुरू कर दिया है। हालांकि जाजमऊ पुल की मरम्मत रविवार को पूरी होने तक भारी वाहन निकल सकेंगे।
कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर फतेहपुर जिले को जोड़ने वाला दूधीकगार-भगवंतनगर-मिर्रीकला-पुरवा राज्यमार्ग पर बक्सर में गंगा नदी पर वर्ष 2009 में बना 810.43 मीटर लंबा पुल जर्जर हालत में होने से भारी वाहनों के आवागमन के लिए खतरों भरा है। कानपुर में जाजमऊ पुल की मरम्मत के कारण लागू डायवर्जन और फतेहपुर जिले में बना पुल पहले से क्षतिग्रस्त होने के कारण खनिज व अन्य माल लदे भारी वाहनों का लखनऊ के लिए आवागमन इसी मार्ग से हो रहा है।
भारी वाहनों के अत्यधिक आवागमन से इस पुराने हो चुके पुल के अधिकांश एक्सपेंशन ज्वाइंट क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुल के कई पैनलों की बेयरिंग कोट जगह-जगह से टूटी है। कंक्रीट टूटने से सरिया निकल आईं हैं। पीडब्ल्यूडी की ओर से शासन को भेजे गए मरम्मत के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है और 45.26 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन हरदयाल अहिरवार ने बताया कि कानपुर जाजमऊ पुल की लखनऊ लेन पर काम रविवार को खत्म होने के बाद सोमवार से इस बक्सर पुल से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाकर सोमवार से मरम्मत शुरू कराई जाएगी। काम दो महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
चलते रहेंगे हल्के वाहन
पुल से भारी के आवागमन पर पूरी तरह रोक रहेगी, लेकिन हल्के वाहन चलते रहेंगे। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन ने बताया कि पुल की एक लेन में मरम्मत कराने के दौरान दूसरी तरफ की आधी लेन को चार पहिया व अन्य हल्के वाहनों के लिए खुला रखा जाएगा। बताया कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि ताकि क्षेत्र के लोगों का आवागमन न रुके और उन्हें परेशानी न उठानी पड़े।
नौ महीने से बंद है गढ़ेवा-महराजपुर गंगा पुल
उन्नाव और कानपुर को जोड़ने वाला गढ़ेवा गांव के पास गंगा नदी पर बना पुल नौ महीने से हवा में लटका है। एक किलोमीटर लंबे इस पुल के दोनों तरफ के पहुंच मार्ग ( एप्रोच सड़क) बाढ़ में कट गए थे। पीडब्ल्यूडी ने सितंबर 2025 में इसे पूरी तरह बंद कर दिया था। दोनों तरफ से पुल की कुल लंबाई 1300 मीटर बढ़ाने के लिए 122 करोड़ की डीपीआर स्वीकृत है लेकिन बजट जारी नहीं सका है।