बीघापुर (उन्नाव)। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को सपा नेता श्रीनारायण पाल के नेतृत्व में निकाली गई प्रचार रैली में दो क्षेत्रीय नेताओं की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसको लेकर दोनों नेताओं के समर्थकों में गालीगलौज और मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है।
सुमेरपुर से निकाली गई प्रचार रैली बक्सर होते हुए ऊंचगांव, धानीखेड़ा, टेढ़ा, बारा व बीघापुर से वापस पाटन तक जानी थी। बिहार-बक्सर रोड पर भदेवरा गांव के सामने घाटमपुर खुर्द निवासी जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र यादव की गाड़ी थाना बारासगवर के भवानीखेड़ा निवासी सपा नेता महेंद्र यादव की गाड़ी से टकरा गई। इस पर महेंद्र और भूपेंद्र यादव के समर्थक एक दूसरे से भिड़ गए और गालीगलौज करते हुए हाथापाई करने लगे। समर्थक एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देने लगे।
बताया जाता है कि दोनों नेता सपा से जिला पंचायत सदस्य चुनाव के दावेदार हैं। वरिष्ठ सपा नेताओं के पहुंच जाने के बाद मामला किसी तरह से शांत हुआ। थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।