गंजमुरादाबाद। क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर खालसा में चल रहे नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार की रात दो लीग मैच खेले गए। इसमें गंजमुरादाबाद और मदारनगर ने अपने मैच जीत लिए।
क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार की रात लीग का पहला मैच गंजमुरादाबाद और फतेहपुर चौरासी के बीच खेला गया। टॉस गंजमुरादाबाद की टीम ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मैदान में उतरी गंजमुरादाबाद की टीम ने निर्धारित छह ओवरों में कुल 59 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी फतेहपुर चौरासी की पूरी टीम मात्र 36 रन पर ही सिमट गई और 23 रनों से गंजमुरादाबाद ने मैच जीत लिया।
दूसरा मुकाबला मदारनगर और गोल्हुआपुर की टीमों के बीच हुआ। इसमें टॉस मदारनगर ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित छह ओवरों में कुल 64 रन बनाए। लक्ष्य हासिल करने के लिए मैदान में उतरी गोल्हुआपुर की टीम मात्र 34 रनों में ही सिमट गई। मदारनगर की टीम ने 30 रनों से मैच जीत लिया।