फोटो-40- आवास विकास रेलवे क्रासिंग का रास्ता न बनाए जाने से हिचकोले खाते निकलते वाहन। संवाद
उन्नाव। शहर के मुख्य मार्ग पर आवास विकास रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक मरम्मत के कारण लगातार चार दिनों तक फाटक बंद रखने के बाद भी रेलवे ने पूरा काम खत्म नहीं किया। इसकी वजह से रास्ता खुलने के बाद भी शुक्रवार को आवागमन में परेशानी होती रही। ट्रैक में भरी गई गिट्टी में फिसल कर बाइक सवार और पैदल राहगीर गिरते रहे और चार पहिया वाहन फंसते रहे। इससे कई बार जाम भी लगा।
रेलवे ने शहर की आवास विकास कॉलोनी रेलवे क्रॉसिंग (संख्या 126) के ट्रैक की मरम्मत कराने के लिए बिना पूर्व सूचना सोमवार सुबह फाटक बंद कर दिया था। पहले दो दिन इसके बाद फिर दो दिन के लिए ब्लॉक बढ़ाया। शहर का मुख्य मार्ग बाधित होने से लगातार चार दिनों तक लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से में जाने के लिए पांच किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ा। जैसे-तैसे ट्रैक की मरम्मत पूरी करके रेलवे ने फाटक को खोल तो दिया लेकिन रास्ता बनाने के बजाय पटरियों के बीच गिट्टी भरकर छोड़ दिया है। इससे लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुईं।
रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय दो पहिया वाहन गिट्टी पर फिसलते और लोग गिरते रहे। वहीं चार पहिया वाहन भी कई बार फंसे, लोगों धक्का देकर निकलवाया इस दौरान कई बार जाम लगा। शुक्रवार शाम से रात तक जाम जैसे हालात बने रहे। रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर मुकेश कुमार मीना ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग व आसपास के ट्रैक की मरम्मत हो गई है। रास्ते को भी ठीक कराया जाएगा।
फोटो-40- आवास विकास रेलवे क्रासिंग का रास्ता न बनाए जाने से हिचकोले खाते निकलते वाहन। संवाद