फोटो-25-सफीपुर सीएचसी में भर्ती छात्रा नेहा का इलाज करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
सफीपुर। निहालपुर गांव में हाईस्कूल की छात्रा ने कम नंबर आने पर दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की। देखने पर परिजन फंदे से उतारकर सीएचसी लाए। गंभीर हालत में डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के निहालपुर गांव निवासी रामकिशोर ने बताया कि बेटी नेहा (15) कस्बे के राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में हाईस्कूल की छात्रा है। बृहस्पतिवार शाम रिजल्ट आया था। उसे 62.6 फीसदी अंक मिले हैं। हम लोगों ने खुशी में पड़ोसियों में मिठाई भी बांटी थी।
पिता ने बताया कि शुक्रवार सुबह जमीन विवाद के एक मामले में वह पेशी पर हाजिर होने सफीपुर न्यायालय चले गए। तभी बेटी ने खुदकुशी की कोशिश की। यह भी बताया कि वह रिजल्ट आने पर खुश थी लेकिन वह किसी से ज्यादा बात नहीं की थी।
प्रधानाचार्या रचना निगम ने बताया कि नेहा कक्षा की होनहार और संस्कारी छात्राओं में से है। अगर नंबर कम होने की वजह से यह कदम उठाया तो ठीक नहीं है। ज्ञान कभी भी व्यर्थ नहीं जाता। नंबर तो घटते-बढ़ते रहते हैं। किसी भी छात्र या छात्रा को इसमें निराश नहीं होना चाहिए। उसे अपनी तैयारी करते रहना चाहिए।