नवाबगंज। बरात निकालने की तैयारी में जुटे दूल्हे को मंगलवार को पुलिस कोतवाली ले आई। उस पर एक युवती ने कोर्ट मैरिज करने का आरोप लगाया और कागजात दिखाए। पहली पत्नी से छिपाकर दूसरी शादी रचाने की तैयारी के मामले में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद युवक पहली पत्नी को साथ रखने के लिए तैयार हो गया।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र की महिला मंगलवार देर शाम एक साल की बच्ची के साथ थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसका पति दूसरी शादी कर रहा है और आज ही उसकी बरात जानी है। महिला ने कोर्ट मैरिज के दस्तावेज भी प्रस्तुत किए। यह शादी 16 जनवरी 2026 को हुई थी। दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस दूल्हे के घर पहुंची। पुलिस उसे बरात की तैयारी में ही कोतवाली ले आई। कोतवाली में महिला ने दूल्हे के सामने अपनी शादी की बात बताई। इससे शादी वाले घर में हलचल मच गई।
प्रभारी कोतवाल मुकुल दुबे ने बताया कि युवक के शादीशुदा होने की जानकारी उसके परिजनों को नहीं थी। इसी कारण उन्होंने शादी तय कर दी थी। मंगलवार देर शाम बरात निकलने से पहले दूल्हे को कोतवाली लाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। पुलिस के समझाने पर युवक पहली पत्नी को भी साथ रखने के लिए राजी हुआ। दूल्हे को अभी भी कोतवाली में बिठाया गया है जिससे बरात नहीं जा सकी।