फोटो-24-मोहल्ला पीतांबर नगर में खस्ताहाल रास्ते से आवागमन करते लोग। संवाद
उन्नाव। बारिश से पहले शहर के गली-मोहल्लों के रास्ते दुरुस्त कराए जाएंगे। नगर पालिका की ओर से प्रस्तावित शहर के सभी 32 वार्डों में 121 मार्गों के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इन्हें बनाने पर नगर पालिका 12.8 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
शहर के वार्डों में जर्जर मार्गों की समस्या कई साल पुरानी है। नगर पालिका ने खस्ताहाल मार्गों की लिस्ट बनाई तो 150 से अधिक मार्ग जर्जर मिले। बजट की उपलब्धता के अनुसार 121 मार्गों का निर्माण पहले चरण में कराने का फैसला लिया गया है। इनमें वह मार्ग भी शामिल हैं जो अमृत योजना की पाइपलाइन डालने के कारण टूटे थे। वार्डों के टूटे सीसी और इंटरलॉकिंग मार्ग बनने से शहर की छोटी-बड़ी 150 बस्तियों की एक लाख आबादी को लाभ होगा। पालिका 15वें वित्त, स्टांप शुल्क और राज्य वित्त अनुदान से मिले बजट से इन मार्गों का निर्माण कराएगा।
ये काम भी होंगे
बाबूगंज, कासिफ अली सराय, एबी नगर सहित पांच मोहल्लों स्थित नलकूपों के पंप रूम बनाने पर 30 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं आवास विकास कॉलोनी स्थित सीवरेज प्लांट की बाउंड्रीवॉल बनाने पर 13 लाख रुपये और अग्निशमन केंद्र से जिला अस्पताल नाला निर्माण पर 85 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
वर्जन...
शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और सभी मार्गों का निर्माण कराना प्राथमिकता है। निर्माण कार्य योजना में शामिल सभी सड़कों का मानसून से पहले निर्माण पूरा कराने के लिए कहा है। ताकि इस बार बारिश में शहरवासियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। -श्वेता मिश्रा, अध्यक्ष नगर पालिका।
फोटो-24-मोहल्ला पीतांबर नगर में खस्ताहाल रास्ते से आवागमन करते लोग। संवाद