नवाबगंज। कानपुर लखनऊ हाईवे पर सोहरामऊ कस्बे में सोमवार रात नौ बजे सड़क पार कर रहे युवक की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगा रही है।
देवरिया जिले के थाना मझरिया निवासी अश्वनी कुमार मिश्रा (36) सोहरामऊ के पास बजेहरा स्थित ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी के वेयर हाउस में काम करते थे। वह सोहरामऊ कस्बे में किराये पर रहते थे। सोमवार की रात करीब नौ बजे हाईवे पर सड़क पार करते समय कोई वाहन टक्कर मारते हुए निकल गया। तेज टक्कर लगने से वह उछलकर करीब 38 मीटर दूर जाकर गिरे और मौके पर ही मौत हो गई। एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। (संवाद)