हसनगंज। कोतवाली क्षेत्र के मौलाबाकीपुर गांव में प्रेम विवाह करने के बाद पहली बार मायके आई युवती का शव शनिवार को आम के बाग में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। भाई ने पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
गांव निवासी मैकूलाल रावत के बेटे अजीत ने बताया कि छोटी बहन रीमा (22) ने छह महीने पहले अक्तूबर 2025 में लखनऊ के मलिहाबाद थानाक्षेत्र के बिलगड़ा गांव निवासी विजय से उन्नाव स्थित एक मंदिर में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह विजय के साथ दिल्ली में रहने लगी थी। भाई के अनुसार शादी के बाद से ही पति के प्रताड़ित किए जाने के बहन परेशान रहती थी। रीमा 15 मार्च को मायके आई थी। शनिवार को घर से 200 मीटर दूर आम के बाग में दुपट्टे के फंदे से रीमा का शव लटका मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन पेड़ से शव उतारकर घर ले आए। देर शाम तक शव रखे रहे। बाद में लोगों के समझाने पर पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए। रीमा पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। मां कमला, बहन सोनी, सोमवती, अजीत और सुरेंद्र बेहाल हैं। कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि भाई की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। मामले की जांच की जा रही है।