सोनिक। सराय कटियान गांव के पास निर्माणाधीन औद्योगिक गलियारे के नजदीक बन रहा गंगा एक्सप्रेसवे करीब आठ मीटर धंस गया। हालांकि कार्यदायी संस्था के चीफ इंजीनियर का कहना है कि अभी निर्माण कार्य चल रहा है। इसे दिखवाकर सही करा दिया जाएगा।
मेरठ से प्रयागराज के बीच गंगा एक्सप्रेसवे बन रहा है। जिले में इसकी लंबाई 106 किलोमीटर है। एक्सप्रेसवे सराय कटियान के पास निर्माणाधीन औद्योगिक गलियारे के नजदीक से गुजर रहा है। गलियारे को भी एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाना है। सोमवार शाम को ग्रामीणों ने सराय कटियान गांव के पास करीब आठ मीटर डामरीकृत मार्ग धंसा देखा तो सूचना कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों को दी। कर्मचारियों ने अधिकारियों को जानकारी दी। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि काम पूरा नहीं हुआ है। अभी निर्माण चल रहा है। काम के दौरान इसी तरह की कमियां मिलती रहती हैं जिसको सही भी कराया जाता रहता है।
उधर, मामले में कार्यदायी संस्था के मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि निर्माण के दौरान इस तरह की कमियां आना सामान्य प्रक्रिया है। फिर से यहां पर डामरीकरण करा दिया जाएगा।