उन्नाव। शहर के निराला प्रेक्षागृह में ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न योजनाओं के 153 युवा उद्यमियों को 101 करोड़ ऋण वितरित किया गया।
ऋण वितरण शिविर का शुभारंभ सीडीओ कृतिराज ने फीता काटकर किया। उन्होंने विभिन्न बैंकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों को देखा और ऋण योजनाओं की जानकारी ली। कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार लोगों को आत्मनिर्भर व वित्तीय रूप से साक्षर बनाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी एवं ऋण योजनाएं चला रही हैं। इनके माध्यम से लोग ब्याजमुक्त ऋण लेकर समय से अदा करके आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि इसके माध्यम से चार वर्ष तक ब्याजमुक्त ऋण दिया जाता है। लाभार्थियों से कहा कि ऋण का उपयोग उसी कार्य में करें, जिसके लिए लें। इस दौरान सीडीओ ने 153 लाभार्थियों को 101 करोड़ के ऋण प्रमाणपत्र व प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। एलडीएम आरके गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, माटीकला, एक जनपद एक उत्पाद सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण दिए गए हैं। बैंक ऑफ इंडिया के उप आंचलिक प्रबंधक जुगल किशोर, डीडीएम नाबार्ड सुमित कुमार, उप्र ग्रामीण बैंक के उप क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज कुमार, बैंक आफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक आरपी शुक्ला, एसबीआई के शाखा प्रबंधक गौरव सिंह सहित अन्य अधिकार व बैंक कर्मी मौजूद रहे।