उन्नाव। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 15 अप्रैल को किया जाएगा। एसआईआर के चलते डुप्लीकेट वोटरों का सत्यापन धीमा हो गया है। इसी कारण अंतिम प्रकाशन की तारीख 18 दिन आगे बढ़ा दी गई है।
पंचायत चुनाव की मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अगस्त 2025 से शुरू हुआ था। बीएलओ द्वारा 14 अगस्त से 29 सितंबर तक घर-घर जाकर वोटरों का सत्यापन किया गया। बीएलओ ने ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीके से कार्य किया। एक जनवरी 2025 को 18 साल की आयु पूरी कर चुके करीब 2.91 लाख लोगों का नाम सूची में शामिल किया गया। इसके अतिरिक्त, 38931 वोटरों का नाम आदि संशोधित किया गया। 2131587 वोटरों की अनंतिम सूची 23 दिसंबर को प्रकाशित हुई थी।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 10.23 लाख डुप्लीकेट वोटरों की सूची सत्यापन के लिए भेजी गई थी। इसके चलते अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीख पहले 28 मार्च तय की गई थी। इसी बीच एसआईआर का कार्य शुरू होने से पंचायत सूची के सत्यापन में सुस्ती आ गई। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत निकाय वीके श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 अप्रैल को होगा।